Chandauli Khabar

धीना। बरहनी विकास खंड के सिरकलपुर गांव में स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र बंद पड़ा है। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति परिसर में पीसीयू द्वारा स्थापित यह केंद्र किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद खरीद प्रक्रिया शुरू न होने से किसानों में आक्रोश है।

सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में 1 नवंबर से 28 फरवरी 2026 तक धान खरीद संचालित की जानी है। वाराणसी संभाग में इसके लिए 1 अक्टूबर से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।

इस वर्ष सरकार ने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की है। कॉमन धान के लिए ₹2369 प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान के लिए ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में अब तक 2.17 लाख से अधिक किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, लेकिन सिरकलपुर केंद्र बंद होने से उन्हें सरकारी दर का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीण अनिल यादव, अवधेश, अजय और राकेश सहित अन्य किसानों ने मांग की है कि धान खरीद केंद्र तत्काल खोला जाए और नियमित खरीद शुरू की जाए। उनका कहना है कि इससे किसान मौसम और मूल्य दोनों के संकट से बच सकेंगे।

इस संबंध में सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता श्री प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि केंद्र प्रभारी के रूप में कोऑपरेटिव सचिव को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता को देखते हुए वे ही कार्यों की प्राथमिकता तय करते हैं।