चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के सिरकलपुर गांव में 15 नवंबर की रात हुई चोरी की घटना का धीना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजेश बिंद के घर के पीछे से चढ़कर घुसे चोरों ने लगभग दस तोला गहने चुरा लिए थे। परिजनों के जाग जाने और शोर मचाने पर ग्रामीण सक्रिय हो गए।ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने एक पीली धातु की अंगूठी और एक जोड़ी पैजनी (पायल) बरामद की है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार (32 वर्ष) पुत्र रामनरायन, निवासी कटरिया, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पीड़ित द्वारा 16 नवंबर को थाने में दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 122/2025 पंजीकृत किया गया है।पुलिस ने मामले में धारा 305(ए) और 331(4) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।